Hingoli Earthquake: तीन घंटे में दो बार कांपी धरती, नांदेड़ तक महसूस हुए झटके; 3.3 रही तीव्रता
हिंगोली/नांदेड़। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। हिंगोली जिले के हिंगोली और वसमत इलाके में करीब तीन घंटे के भीतर दो बार धरती कांपी। पहले झटके की तीव्रता 3.3 दर्ज की गई। भूकंप का असर पड़ोसी नांदेड़ जिले में भी महसूस किया गया।
सुबह 7:47 बजे आया पहला झटका
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 7:47 बजे हिंगोली और वसमत क्षेत्र में भूकंप का पहला झटका महसूस हुआ। इसकी तीव्रता 3.3 दर्ज की गई।
इसके करीब तीन घंटे बाद सुबह लगभग 10 बजे एक बार फिर हल्का कंपन महसूस किया गया। लगातार दो बार धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए।
नांदेड़ शहर और ग्रामीण इलाकों तक असर
भूकंप के झटके हिंगोली के अलावा नांदेड़ शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। जमीन हिलने का एहसास होते ही लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, नांदेड़ में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
पहले भी महसूस हो चुका है कंपन
हिंगोली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हल्के भूकंपीय झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आती रही है। 1 अक्टूबर की रात वसमत तहसील के पांगरा शिंदे क्षेत्र में भी जमीन हिलने और तेज आवाज सुनाई देने की बात कही गई थी। हालांकि, उस घटना का तकनीकी रिकॉर्ड सिस्मोग्राफ में दर्ज नहीं हुआ था।
प्रशासन अलर्ट, अफवाहों से बचने की अपील
लगातार भूकंपीय गतिविधियों के बाद हिंगोली और नांदेड़ प्रशासन सतर्क है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
