पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल विश्वनाथ शर्मा के निधन पर CM डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, कहा- राष्ट्र उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखेगा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय सेना के पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल विश्वनाथ शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जनरल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा और सेवा के प्रति उनका समर्पण तथा योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल विश्वनाथ शर्मा ने वर्ष 1988 से 1990 तक भारतीय थल सेना के प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अपने सैन्य जीवन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों और युद्धकालीन परिस्थितियों में रणनीतिक नेतृत्व का परिचय दिया, जिसके लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) और अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) सहित अनेक सम्मान प्राप्त हुए।
डॉ. मोहन यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि राष्ट्र उनकी अनुकरणीय सेवाओं और अद्वितीय नेतृत्व को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
