स्कूल में मामूली विवाद बना खूनी हमला, 11वीं के छात्र ने सहपाठी पर किया चाकू से वार

रायपुर। राजधानी रायपुर के धरमपुरा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, फुंडहर में छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

पानी की बोतल फेंकने से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे की है। कक्षा के दौरान एक छात्र ने अपने सहपाठी पर पानी की बोतल फेंक दी। जब पीड़ित छात्र ने इसका कारण पूछा तो आरोपी ने उसे स्कूल की छुट्टी के बाद बाहर देखने की धमकी दी और कक्षा से बाहर निकल गया।

स्कूल की पार्किंग में किया चाकू से हमला

स्कूल की छुट्टी के बाद परिसर की पार्किंग में आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचा और पीड़ित छात्र पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने चाकू से वार किया, जो छात्र की जांघ में लगा। गंभीर चोट लगने के कारण छात्र वहीं गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।

घायल छात्र अस्पताल में भर्ती

घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author