डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती: राज्यपाल रमेन डेका ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान

रायपुर। प्रखर राष्ट्रवादी नेता, महान शिक्षाविद् और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आज राजभवन स्थित लोक भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपने विचारों और कार्यों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा तथा देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे डॉ. मुखर्जी के आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना को आत्मसात करें तथा विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को नमन किया।

About The Author