राज्यपाल रमेन डेका से सर्वोदय शांति पदयात्रा के संतों की सौजन्य भेंट, शांति और अहिंसा के संदेश को बताया प्रेरणादायक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से गुरुवार को लोक भवन में जैन मुनि राष्ट्र संत डॉ. मणिभद्र महाराज के नेतृत्व में संचालित सर्वोदय शांति पदयात्रा से जुड़े संतों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने संतों का आत्मीय स्वागत करते हुए शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का दिया संदेश

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि संत समाज के विचार और जीवन मूल्य समाज में शांति, सद्भाव, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सर्वोदय शांति पदयात्रा को सामाजिक समरसता, अहिंसा और विश्व बंधुत्व का प्रेरक अभियान बताते हुए इसकी सराहना की तथा यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

नेपाल से छत्तीसगढ़ तक 1600 किलोमीटर की पदयात्रा

उल्लेखनीय है कि सर्वोदय शांति पदयात्रा नेपाल से प्रारंभ होकर लगभग 1,600 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची है। इस यात्रा का उद्देश्य देशभर में शांति, सद्भाव, अहिंसा और मानवीय मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

जैन समाज के पदाधिकारी भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन श्रमण संघ, रायपुर के अध्यक्ष अशोक पटवा, कार्यकारिणी अध्यक्ष विनय पटवा सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए इस पदयात्रा को महत्वपूर्ण पहल बताया।

About The Author