समय से पहले बंद मिले तीन स्कूल, जिला शिक्षा अधिकारी का बड़ा एक्शन; शिक्षकों का वेतन कटेगा

जशपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था को अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी एल. पी. डाहिरे ने विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें तीन स्कूल निर्धारित समय से पहले बंद मिले। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित शिक्षकों और संस्था प्रमुखों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

तीन स्कूलों में मिला ताला, शिक्षण कार्य ठप

औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला केसली, पूर्व माध्यमिक शाला टेढ़ाधौरा और हाई स्कूल टेढ़ाधौरा निर्धारित समय से पहले बंद पाए गए। निरीक्षण के समय न तो विद्यालयों में शिक्षण कार्य संचालित हो रहा था और न ही शिक्षक एवं संस्था प्रमुख उपस्थित मिले।

वेतन कटेगा, होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

जिला शिक्षा अधिकारी एल. पी. डाहिरे ने संबंधित सभी शिक्षकों और संस्था प्रमुखों का उक्त दिवस का वेतन काटने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में समय पर उपस्थिति और नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करना प्रत्येक शिक्षक और संस्था प्रमुख की जिम्मेदारी है।

लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं

डीईओ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विद्यालयों के शिक्षकों और संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय का कड़ाई से पालन करें, विद्यालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author