सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर महासमुंद में धूमधाम से शुरू हुआ सहकारिता सप्ताह
महासमुंद। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ जिले में उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। सप्ताह के प्रथम दिवस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर के जिला कार्यालय महासमुंद में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर जिले की 159 सहकारी समितियों के अध्यक्ष, समिति प्रभारियों, बैंक कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहकारिता को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला बताते हुए इसके विस्तार पर जोर दिया।
इसके साथ ही महासमुंद जिले के अंतर्गत संचालित 16 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखाओं में भी बैंक कर्मचारियों एवं ग्राहकों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
सहकारिता सप्ताह के दौरान विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम, संवाद, प्रशिक्षण एवं सहकारी संस्थाओं की उपलब्धियों से जुड़े आयोजन किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त एवं जन-जन तक पहुंचाना है।
