आत्मनिर्भर बस्तर की ओर बढ़ते कदम: पुनर्वासित युवाओं को मिलेगा सिंचाई का सहारा, कौशल विकास पर सरकार का जोर

बस्तर में शांति, विकास और आत्मनिर्भरता को नई गति देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण कर वहां चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं द्वारा मोटर वाहन ड्राइविंग प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण बताया।

पुनर्वासित युवाओं के खेतों तक पहुंचेगी सिंचाई सुविधा

युवाओं से संवाद के दौरान खेती के लिए सिंचाई सुविधा और बोर की आवश्यकता का मुद्दा सामने आया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवारों और पुनर्वासित युवाओं का सर्वे कर उनके खेतों में सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलने से युवा खेती के माध्यम से स्थायी आजीविका अर्जित कर सकेंगे और आत्मनिर्भर बनेंगे।

पेसा अधिनियम को और मजबूत बना रही सरकार

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पेसा अधिनियम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर के जनप्रतिनिधि आदिवासी समाज से आते हैं और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू

वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर बस्तर के विकास तक आदिवासी समाज की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। अब समय बस्तर को शांति, विकास और समृद्धि की नई दिशा देने का है। उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने वाले युवाओं ने सकारात्मक बदलाव की शुरुआत की है और अब सभी को मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author