डोंगरगांव को मिली नई पहचान: नगर पंचायत से नगर पालिका बना शहर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर/डोंगरगांव। डोंगरगांववासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। राज्य शासन ने डोंगरगांव नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर उसे नगर पालिका घोषित कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी किए जाने के बाद पूरे नगर में खुशी और उत्साह का माहौल है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत की सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय को डोंगरगांव के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे शहर को अधिक संसाधन और बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद डोंगरगांव के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग प्राप्त होगा।
सड़क, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं को मिलेगी गति
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने डोंगरगांव के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि नगर पालिका बनने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य शहरी सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि अब राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से नागरिकों तक पहुंचाया जा सकेगा।
विकास के नए अध्याय की शुरुआत
डोंगरगांव को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास, निवेश और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह निर्णय शहर के भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
इस अवसर पर डोंगरगांव नगर पंचायत की अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, पार्षद मनबोधी पटेल, पदमनी ठाकुर, गायत्री यादव, लीला मंडलोई, डीकेश साहू, दीना पटेल और रामकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
