दिल्ली में CM साय की अहम मुलाकात: स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और किसानों के हितों पर जेपी नड्डा से हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना, उर्वरक उपलब्धता, कृषि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सार्थक संवाद हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेशवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों।

किसानों को खाद-बीज की समय पर उपलब्धता पर जोर

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या लापरवाही की स्थिति उत्पन्न न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चला रही है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आय बढ़ सके।

नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को बढ़ावा

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को इनके लाभों की जानकारी देने के लिए व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि खेती की लागत कम हो, उत्पादन क्षमता बढ़े और कृषि अधिक लाभकारी बन सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है तथा भविष्य में इस सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।

केंद्र से मिला सहयोग का भरोसा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों और जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सहित विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

यह मुलाकात छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे प्रदेश के विकास को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।

About The Author