महतारी वंदन योजना से बदली मिथिला लहरे की जिंदगी, बच्चों की पढ़ाई और परिवार को मिला संबल

सारंगढ़-बिलाईगढ़। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विकासखंड डभरा के ग्राम पंचायत केनापाली निवासी श्रीमती मिथिला लहरे इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई हैं।

श्रीमती मिथिला लहरे ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि नियमित रूप से उनके बैंक खाते में जमा हो रही है। अब तक उन्हें योजना की 28वीं किस्त प्राप्त हो चुकी है, जिससे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में काफी सहायता मिली है।

उन्होंने बताया कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे मुख्य रूप से अपने बच्चों की पढ़ाई, शैक्षणिक सामग्री और घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में करती हैं। इस आर्थिक सहयोग से परिवार पर पड़ने वाला वित्तीय दबाव कम हुआ है और बच्चों की शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रखने में मदद मिली है।

मिथिला लहरे का कहना है कि महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है और उन्हें परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए सशक्त बना रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह पहल महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। महतारी वंदन योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास को भी मजबूत कर उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर कर रही है।

महतारी वंदन योजना आज हजारों महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने और उनके परिवारों की खुशहाली का आधार बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

About The Author