2036 ओलंपिक के सपने संग 2036 पौधे: मुख्यमंत्री साय ने खेल और पर्यावरण को जोड़ा विकास के संकल्प से
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी का दावा प्रस्तुत किया है और इसी राष्ट्रीय संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से अभिव्यक्त करने के लिए कार्यक्रम में 2036 पौधों का रोपण किया जा रहा है। यह केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ, हरित और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं बस्तर ओलंपिक ने दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाई है। इस वर्ष लाखों युवाओं की भागीदारी ने साबित कर दिया है कि प्रदेश में खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार विशेष बजट प्रावधान कर रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अधिक आत्मविश्वास के साथ देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा वन विभाग के खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई पहलें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अपार प्रतिभा है और सरकार उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक की सफलता के बाद अब सरगुजा ओलंपिक भी युवाओं को नई दिशा दे रहा है। साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पाण्डेय, बीएसएफ के आईजी संजय पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
