डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत के प्रथम उद्योग मंत्री, प्रख्यात शिक्षाविद् और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्रवादी चिंतन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राष्ट्रीय एकता के लिए दिया अमूल्य योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारतीय राजनीति को वैचारिक दिशा प्रदान की और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्र की अखंडता, सांस्कृतिक अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगी।

उन्होंने कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और सिद्धांत आज भी मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सकती है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, राम गर्ग सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author