दुर्ग में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिलाई नियमित योग की शपथ

दुर्ग। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुर्ग जिला मुख्यालय स्थित खालसा पब्लिक स्कूल प्रांगण में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, पद्मश्री सम्मानित उषा बारले, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।

सामूहिक योगाभ्यास के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” है, जो स्वस्थ और सक्रिय जीवन के महत्व को रेखांकित करती है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास का भी सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त बनाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने की शपथ भी दिलाई।

सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन जीवनशैली और सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मना रहे हैं।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक प्राची भट्टाचार्य और डिलिमा मजूमदार ने प्रतिभागियों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र का समापन ओम् के सुमधुर उच्चारण और शांति पाठ के साथ हुआ।

इस अवसर पर संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक सांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author