गधहाभाटा अब बना सोनपुर: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौंपी राजपत्र की प्रति, विकास कार्यों के लिए 7.50 लाख की सौगात
कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम गधहाभाटा को अब नई पहचान मिल गई है। राज्य शासन द्वारा गांव का आधिकारिक नाम बदलकर सोनपुर कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शनिवार को ग्राम सोनपुर पहुंचकर ग्रामवासियों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए इस ऐतिहासिक अवसर पर बधाई दी।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास को नई गति देने के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने सामुदायिक भवन मरम्मत के लिए 2.50 लाख रुपये, किचन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये, गौठान समतलीकरण के लिए 1 लाख रुपये तथा पचारी निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गांव का नाम परिवर्तन लंबे समय से ग्रामवासियों की मांग थी। स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिस पर मंत्रिमंडल स्तर पर विचार-विमर्श के बाद राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और अंततः राजपत्र में इसका प्रकाशन किया गया। उन्होंने कहा कि अब सोनपुर नाम सभी सरकारी अभिलेखों और वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा।
उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने दैनिक व्यवहार और सामाजिक गतिविधियों में भी नए नाम सोनपुर का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव की पहचान करें। उन्होंने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि वे स्थानीय संस्कृति, इतिहास और जनभावनाओं के प्रतीक होते हैं। सोनपुर नामकरण गांव के आत्मसम्मान और क्षेत्रीय गौरव को नई मजबूती प्रदान करेगा।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जिले के एक अन्य गांव चांडालपुर का नाम बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है और उसका भी राजपत्र में प्रकाशन हो चुका है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के नवीन सर्वेक्षण की जानकारी देते हुए बताया कि 24 जून को विशेष ग्राम सभा आयोजित कर पंचायत स्तर पर पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में शामिल होकर योजना का लाभ सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष घुरवा राम साहू, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने गांव को नई पहचान दिलाने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
