अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, किया सामूहिक योगाभ्यास

रायपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य योग शिविर में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश का वाचन किया और सैकड़ों प्रतिभागियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल डेका ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और खुशी का विषय है कि प्रदेशभर में लोग सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की।

राज्यपाल ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योगाभ्यास करने और बच्चों को भी योग की आदत डालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत बनाता है तथा उन्हें भविष्य में जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने में मदद करता है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, विचार और भावनाओं को भी संतुलित एवं सशक्त बनाता है। योग व्यक्ति के समग्र विकास का आधार है और आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने का प्रभावी उपाय भी है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है।

योग शिविर में विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां योग के माध्यम से स्वस्थ छत्तीसगढ़ और स्वस्थ भारत का संकल्प दोहराया गया।

About The Author