उसपारी बैराज सर्वेक्षण के लिए 2.69 करोड़ रुपये स्वीकृत, सिंचाई परियोजना को मिलेगी गति
बीजापुर। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड स्थित उसपारी बैराज परियोजना के सर्वेक्षण कार्य के लिए 2 करोड़ 69 लाख 72 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में मुख्य अभियंता, गोदावरी कच्छार जल संसाधन विभाग, जगदलपुर द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
उसपारी बैराज के सर्वेक्षण कार्य की स्वीकृति मिलने से परियोजना की आगामी प्रक्रियाओं को गति मिलेगी। सर्वेक्षण के माध्यम से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जल उपलब्धता, सिंचाई क्षमता तथा परियोजना की व्यवहार्यता का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बैराज परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही भू-जल स्तर में सुधार और कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।
भैरमगढ़ क्षेत्र में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजना के सर्वेक्षण कार्य पूर्ण होने के बाद आगे की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।
