बीजापुर में भव्य श्रमिक सम्मेलन का आयोजन, 150 नए श्रमिकों का पंजीयन और 280 लेबर कार्ड वितरित
बीजापुर। श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से श्रम विभाग, बीजापुर द्वारा सामुदायिक सांस्कृतिक भवन में भव्य श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 500 पंजीकृत एवं अपंजीकृत श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, पार्षद हितेश साहनी, पार्षद संजय गुप्ता, वरिष्ठ नागरिक घासीराम नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रम विभाग के अधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि श्रमिक देश और समाज की प्रगति की आधारशिला हैं। शासन द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराने, समय-समय पर नवीनीकरण कराने तथा अन्य पात्र श्रमिकों को भी योजनाओं से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, प्रसूति सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता, औजार सहायता सहित अन्य योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गई।
सम्मेलन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इस दौरान 150 नए निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया गया, जबकि 280 पंजीकृत श्रमिकों को श्रमिक पहचान (लेबर) कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि लेबर कार्ड श्रमिकों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
लगभग 500 श्रमिकों की सहभागिता वाले इस सम्मेलन में श्रमिक अधिकारों, श्रम कानूनों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। श्रमिकों ने विभागीय योजनाओं के प्रति रुचि दिखाते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र श्रमिक को शासन की योजनाओं से जोड़कर उसके जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी जागरूकता शिविर, पंजीयन अभियान और श्रमिक सम्मेलन आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, श्रमिकों एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया। यह सम्मेलन श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
