विकसित भारत के लिए एआई बनेगा सबसे बड़ा सारथी: मंत्री लखनलाल देवांगन

रायपुर। वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका मानव संसाधन है और देश की युवा आबादी को आधुनिक कौशलों से लैस करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विकसित भारत के निर्माण का प्रमुख आधार बनेगा और वर्ष 2047 तक भारत को महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रायपुर में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, बिलासपुर एवं आईसेक्ट इंडिया ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘समर्थ भारत कॉन्क्लेव’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने यह बात कही।
एआई से मिलेगी विकास को नई दिशा
मंत्री देवांगन ने कहा कि वर्तमान समय में परिवर्तन ही एकमात्र स्थिर तत्व है और इस बदलते दौर में एआई केवल एक तकनीक नहीं बल्कि ऐसा इंजन है, जो कौशल विकास, अर्थव्यवस्था और सामाजिक प्रगति को नई गति देने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब विकास का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वित्तीय समावेशन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बैंकिंग और आर्थिक व्यवस्था से जोड़ना है, जिसमें डिजिटल तकनीक और एआई की महत्वपूर्ण भूमिका है।
तकनीक ने बदली आम लोगों की जिंदगी
देवांगन ने कहा कि आज समाज के हर वर्ग का व्यक्ति मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहा है। यह तकनीकी प्रगति और एआई के प्रभावी उपयोग का परिणाम है, जिसने शासन और नागरिकों के बीच की दूरी को कम किया है।
युवा उद्यमियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले पांच युवा उद्यमियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने युवाओं से तकनीक आधारित नवाचारों को अपनाने और रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कई विशेषज्ञों ने रखे विचार
‘विकसित भारत के लिए एआई संचालित कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और सामाजिक उद्यम’ विषय पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पी.के. घोष, आईसेक्ट के चेयरमैन डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, पद्मश्री अजय मांडवी, डॉ. तोपलाल वर्मा, डॉ. अनुराग होता, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक राजेश भुतड़ा, एसबीआई के ललित कुमार, सीआईआई छत्तीसगढ़ के प्रमुख पदम गोयल, अनुराग गुप्ता, बजरंग गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author