सुशासन तिहार बना जनविश्वास का आधार, मुख्यमंत्री साय की घोषणाओं पर सरगुजा में त्वरित अमल

रायपुर/सरगुजा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार अब केवल जनसंवाद का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह जनता की अपेक्षाओं को तेजी से पूरा करने वाला प्रभावी मंच बनकर उभरा है। राज्य शासन और जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों के समाधान के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसका ताजा उदाहरण सरगुजा जिले में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीणों की मांगों पर की गई घोषणाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर अमलीजामा पहनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 3 मई 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा पहुंचे थे। जन चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली थी तथा कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने विभिन्न निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी है। ग्राम सिलमा में डीएमएफ एवं मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपए की लागत से नवीन पंचायत भवन, डीएमएफ मद से 2.50 लाख रुपए की लागत से मुक्तिधाम तथा मनरेगा मद से 11.63 लाख रुपए की लागत से नवीन पीडीएस भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है।
इसी प्रकार ग्राम कुनकुरीकला में डीएमएफ एवं मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपए की लागत से नवीन पंचायत भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन स्वीकृतियों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणाओं पर त्वरित अमल के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और प्रशासन सीधे जनता तक पहुंच रहा है, उनकी समस्याएं सुन रहा है और समयबद्ध तरीके से समाधान भी सुनिश्चित कर रहा है।
राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त मांगों और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच रहा है और सुशासन की अवधारणा धरातल पर साकार होती दिखाई दे रही है।

About The Author