एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गरियाबंद में किया पीपल का पौधारोपण

गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होने के दौरान गरियाबंद जिला पंचायत कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गत वर्ष शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान देशभर में जनभागीदारी का एक प्रेरणादायक आंदोलन बन चुका है। यह अभियान लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण करने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

About The Author