अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, मंगलवार रात 8 बजे तक होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलने पर हमले की चेतावनी
वाशिंगटन। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नई समय सीमा देते हुए चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार रात 8 बजे तक होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला गया तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमला करेगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर कहा कि यदि ईरान ने रास्ता नहीं खोला तो उसकी ऊर्जा और बुनियादी ढांचा पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।
ट्रंप ने रविवार को एक और पोस्ट में लिखा कि मंगलवार ईरान में पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा। उन्होंने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट खोलने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसा न करने पर वह नरक में रहेगा। ट्रंप ने पहले सोमवार तक की समय सीमा दी थी, जिसे अब बढ़ाकर मंगलवाल रात 8 बजे कर दिया गया है। यह तीसरी बार है जब समय सीमा बढ़ाई गई है।
ट्रंप ने दावा किया कि वह ईरान के साथ बातचीत में लगे हैं, लेकिन युद्ध के बीच पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार की समय सीमा से पहले समझौता होने की पूरी संभावना है, अन्यथा सब कुछ उड़ा दिया जाएगा। वहीं ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद-बघर गालिबफ ने पलटवार करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट जल उठेगा और ट्रंप इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के आदेशों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रंप के लापरवाह कदम अमेरिका को नरक में धकेल रहे हैं और पूरा क्षेत्र जलने वाला है।
गौरतलब है कि फरवरी के अंत में शुरू हुए अमेरिकी और इजराइली हमलों के जवाब में ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों को निशाना बनाया था, जिससे यह रणनीतिक जलमार्ग बंद हो गया। इस जलमार्ग से होकर वैश्विक तेल का पांचवां हिस्सा गुजरता है।
