जशपुर में मंदिर में तोड़फोड़, धार्मिक झंडे जलाए, इलाके में आक्रोश

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़ और धार्मिक झंडे जलाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, आस्ता थाना क्षेत्र के धरधरी गांव स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर में रविवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने माता की प्रतिमा को खंडित कर दिया। मंदिर परिसर में पेड़ से बंधे धार्मिक झंडों को भी जला दिया गया।

सोमवार सुबह जब स्थानीय लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। दृश्य देखकर लोग आहत हो गए। नियमित पूजा करने वाली महिलाओं में गहरा दुख देखा गया और कई महिलाएं भावुक हो उठीं।

घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। संगठन की ओर से पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भी सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही जशपुर एसडीओपी और आस्ता थाना पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

About The Author