छत्तीसगढ़ वन विभाग में प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ आईएफएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव
रायपुर. छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के कई वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को नवीन पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2009 बैच के आईएफएस अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह को क्षेत्रीय महाप्रबंधक, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, बिलासपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे अचानकमार टाइगर रिजर्व, बिलासपुर में क्षेत्र संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इसी बैच के अधिकारी विवेकानंद झा को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ वन संरक्षक, एफएमआईएस मंडल, रायपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशासनिक सर्जरी के तहत वर्ष 2010 बैच की अधिकारी सतोविशा समाजदार को अस्थायी रूप से प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान, विस्तार एवं एफआरटीआई), रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, वर्ष 2012 बैच के अधिकारी गुरुनाथन एन. को उनके वर्तमान उत्तरदायित्वों के साथ प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, रायपुर का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है।
इसी क्रम में, वर्ष 2012 बैच की आईएफएस अधिकारी प्रियंका पाण्डेय को प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक, अचानकमार टाइगर रिजर्व, बिलासपुर का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नियुक्तियां प्रशासनिक आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए आगामी आदेश तक के लिए प्रभावी की गई हैं। इस फेरबदल का उद्देश्य विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ और गतिशील बनाना है।
