रायपुर में वर्ल्ड किडनी डे पर इंटर-स्टेट किडनी क्विज का आयोजन, एम्स रायपुर टीम रही विजेता

रायपुर। एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल रायपुर द्वारा वर्ल्ड किडनी डे के अवसर पर ‘KQ Battle 4.0 इंटर-स्टेट किडनी क्विज कॉन्टेस्ट 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से मेडिकल छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया, जो देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। इस आयोजन का उद्देश्य नेफ्रोलॉजी के क्षेत्र में ज्ञानवर्धन, प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना और युवा डॉक्टरों के बीच अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का संचालन और मार्गदर्शन वरिष्ठ विशेषज्ञों डॉ सुनील धर्मानी, डॉ प्रदीप शर्मा, डॉ अजय मिश्रा, डॉ प्रणिता धर्मानी, डॉ प्रशांत, डॉ अंजलि और डॉ स्वप्निल कटारिया द्वारा किया गया। वहीं जज के रूप में डॉ देवप्रिया लकड़ा, डॉ परवेज कमाल और डॉ एस के गोयल उपस्थित रहे।

क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एम्स रायपुर की टीम ने हासिल किया, जिसमें डॉ योगप्रिया और डॉ निहिलन शामिल रहे। द्वितीय स्थान जीएमसी नागपुर की टीम को मिला, जिसमें डॉ राजेश रमेश भांड और डॉ आयुष एम सिक्ची रहे। वहीं तृतीय स्थान सिम्स बिलासपुर की टीम ने प्राप्त किया, जिसमें डॉ अद्रि सिखर पाल और डॉ बुरहानुद्दीन फिदवी शामिल रहे।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने किडनी रोगों, उपचार पद्धतियों और नवीनतम चिकित्सा शोध से जुड़े प्रश्नों में उत्कृष्ट ज्ञान का प्रदर्शन किया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर सीखने और उत्कृष्टता को बढ़ावा देती हैं तथा युवा डॉक्टरों को विशेषज्ञता की दिशा में प्रेरित करती हैं।

About The Author