रायगढ़: अवैध अफीम की खेती मामले में पुलिस की झारखंड में दबिश, एक और आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाघाट में संचालित अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रायगढ़ पुलिस की विशेष टीम ने झारखंड में दबिश देकर मामले के एक प्रमुख आरोपी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल और तमनार थाने की संयुक्त टीम का गठन किया गया था।
घटनाक्रम के अनुसार, तमनार के खर्राघाट भैर नाला के समीप लगभग 2877 किलोग्राम वजन के कुल 60 हजार 326 अफीम के पौधे अवैध रूप से उगाए गए थे। पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने मौके पर दबिश देकर मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मार्शल संगा ने अपने सहयोगियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर इस अवैध खेती की योजना बनाई थी।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर झारखंड के दुर्गम पहाड़ी और भाषाई क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर जंगल की ओर भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध अफीम की खेती में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस अब मामले के तीसरे आरोपी सीप्रियन भेंगरा की तलाश में निरंतर दबिश दे रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और रायगढ़ पुलिस अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
