छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से गिरकर ओबीएचएस कर्मचारी की मौत, जांच शुरू
बिलासपुर। अमृतसर से बिलासपुर आ रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे ओबीएचएस कर्मचारी की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेनों में साफ-सफाई के लिए निजी कंपनी के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। ये कर्मचारी यात्रियों के अनुरोध पर कोच में सफाई का कार्य करते हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में एसकेएस कंपनी के कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे।
शनिवार को यह ट्रेन निर्धारित समय से कई घंटे देरी से पहुंची। रायपुर और बिल्हा के बीच कोचिंग डिपो के पास ट्रेन कुछ समय के लिए रुकी, क्योंकि निर्धारित प्लेटफॉर्म पर पहले से मालगाड़ी खड़ी थी।
बताया जा रहा है कि लोरमी बाजार पारा निवासी 40 वर्षीय हरि शुक्ला ट्रेन के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और चलती ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उसके साथ मौजूद सफाई कर्मचारी नरेन्द्र श्रीवास ने इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर जीआरपी के प्रधान आरक्षक योगेन्द्र सिंह, आरक्षक जयसिंह मरकाम और मानिकपुरी मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
