राजनांदगांव में कथित धर्मांतरण नेटवर्क का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध धर्मांतरण के कथित नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना लालबाग अंतर्गत सुकुलदेहन चौकी क्षेत्र में संचालित इस मामले में 55 वर्षीय डेविड चाको को नेटवर्क का प्रमुख संचालक बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8 जनवरी 2026 को मिली शिकायत के बाद शुरू हुई जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राम धर्मपुर स्थित अपने निवास पर प्रार्थना सभाओं और धार्मिक आयोजनों के नाम पर लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। इसके साथ ही बिना वैधानिक अनुमति के आश्रम संचालन और नाबालिग बच्चों को अपने पास रखने के आरोप भी सामने आए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, सोलर प्रोजेक्टर, धार्मिक प्रचार सामग्री, चर्च से जुड़े रजिस्टर, सदस्यता सूची, प्रशिक्षण दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए हैं। इन दस्तावेजों से गतिविधियों के संगठित होने के संकेत मिले हैं।

मामले में विदेशी फंडिंग की आशंका को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय संबंधों की संभावना भी खंगाली जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराएं 3, 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में अवैध धर्मांतरण के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author