जगदलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत
जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहन टेकाम के रूप में हुई है, जो अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता स्थानीय सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, रोहन अपने घर के पास सड़क किनारे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसने अचानक सड़क पार करने की कोशिश की और वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में मासूम के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वाहन चालक ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोहन अपनी तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बोलेरो चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
