पत्नी को किया फोन और सलाखों के पीछे पहुंचा कैदी: शाजापुर जेल से फरार आरोपी छत्तीसगढ़ के बालोद में गिरफ्तार
शाजापुर। मध्य प्रदेश की शाजापुर जिला जेल से फरार हुए हत्या के प्रयास के आरोपी को पुलिस ने नाटकीय घटनाक्रम के बीच छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। धारा 307 के तहत विचाराधीन यह कैदी जेल से भागने के बाद पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अपने ससुराल में शरण लिए हुए था। तकनीकी सर्विलांस और सटीक रणनीति के चलते जेल पुलिस की टीम उसे वापस लाने में सफल रही है।
जेल अधीक्षक दुष्यंत कुमार पगारे ने बताया कि कैदी के फरार होने के बाद से ही उसके गृह नगर मक्सी और अन्य संभावित ठिकानों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी की पत्नी का मोबाइल फोन सर्विलांस पर डाल दिया था। शाजापुर से भागकर छत्तीसगढ़ पहुंचने के बाद आरोपी ने जैसे ही अपनी पत्नी को फोन किया, पुलिस को उसके सटीक स्थान की जानकारी मिल गई।
लोकेशन ट्रेस होते ही शाजापुर जेल पुलिस की एक विशेष टीम छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई। बालोद के एक गांव में दबिश देकर टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। आरोपी को पुलिस वाहन के जरिए वापस शाजापुर लाया गया है, जहां उससे जेल से भागने की साजिश के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
