गोंदिया स्टेशन पर 20 दिनों का मेगा ब्लॉक: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 10 एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेनें रद्द

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर डिवीजन में गोंदिया स्टेशन पर ट्रैक सुधार कार्य के चलते 5 अप्रैल से 24 अप्रैल तक 20 दिनों का मेगा ब्लॉक लागू किया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 10 एक्सप्रेस ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी, जबकि 2 ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त किया जाएगा। इसके अलावा 4 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा।

रेलवे के अनुसार, गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर वॉशेबल एप्रन हटाकर बैलेस्टिक ट्रैक तैयार किया जाएगा। इस कार्य का उद्देश्य ट्रेनों की गति बढ़ाना और संचालन को अधिक सुरक्षित बनाना है। इसके चलते छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी।

रद्द की गई पैसेंजर ट्रेनों में बल्लारशाह-गोंदिया और गोंदिया-कटंगी मार्ग की गाड़ियां शामिल हैं। इन ट्रेनों के बंद रहने से स्थानीय यात्रियों और छोटे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले 139 हेल्पलाइन नंबर या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम पर ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

गोंदिया स्टेशन पर कार्य के कारण 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 4 से 25 अप्रैल तक दुर्ग में ही समाप्त होगी और दुर्ग से गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 5 से 26 अप्रैल तक दुर्ग से ही संचालित होगी।

रद्द रहने वाली प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों में शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस, कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस, रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस, शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस शामिल हैं।

About The Author