अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 14 हाईवा वाहन जब्त

जांजगीर। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जांजगीर जिला एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हाईवा वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों के चालकों और मालिकों के विरुद्ध गौण खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विशेष ग्राम निगरानी समितियों का गठन किया है। ये समितियां सीधे एसडीएम और तहसीलदारों को अवैध गतिविधियों की सूचना देंगी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

इसी कड़ी में कलेक्टर और एसपी विजय पांडे के निर्देश पर एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने बीती देर रात हाईवे पर दबिश दी। इस दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन कर रहे 14 हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author