साय सरकार का शिक्षा और सेहत पर जोर: छात्रों के हॉस्टल का खर्च उठाएगी सरकार, ‘सीजी वायु योजना’ से जुड़ेंगे नए शहर
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज राज्य का बजट प्रस्तुत किया जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन में बजट भाषण दे रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, एविएशन और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
शिक्षा क्षेत्र के तहत युवाओं की करियर काउंसलिंग के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नालंदा लाइब्रेरी को युवाओं के करियर और उद्यमिता मार्गदर्शन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की तैयारी में उन्हें बेहतर सहयोग मिल सके।
सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है। इसके लिए तीन योजनाओं में कुल 33 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना शुरू की जाएगी, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस योजना के तहत छात्रों के हॉस्टल खर्च का वहन सरकार करेगी। कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 75 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
एविएशन सेक्टर में बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। कोरबा में एयर स्ट्रिप के उन्नयन के लिए भी बजट में राशि रखी गई है। ‘सीजी वायु योजना’ शुरू करने की घोषणा करते हुए इसके लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य राज्य में हवाई संपर्क और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में तीन नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की गई है। सरकार ने कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है।
