बजट 2026: इंद्रावती नदी पर बनेंगे नए बैराज, रोजगार आधारित उद्योगों के लिए 100 करोड़ का निवेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर रहे हैं। ज्ञान और गति के बाद इस बार बजट की थीम संकल्प रखी गई है। बजट भाषण से पहले उन्होंने अपने निवास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी अदिति चौधरी भी मौजूद रहीं।
बजट में बस्तर के अंदरूनी इलाकों में बस सेवा शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अबूझमाड़ के जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी। बस्तर और सरगुजा में आजीविका बढ़ाने के लिए कृषि, एग्रो फॉरेस्ट प्रोसेसिंग, राइस मिल और पोल्ट्री फार्म जैसे रोजगार आधारित क्षेत्रों में 100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया गया है।
इंद्रावती क्षेत्र में मटनार और देउरगांव में 24 करोड़ रुपये की लागत से बैराज निर्माण के साथ 68 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। बस्तर और सरगुजा में डॉक्टरों की भर्ती तथा सड़क नेटवर्क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
संकल्प थीम के आधार स्तंभ
वित्त मंत्री ने बताया कि संकल्प थीम के तहत बजट के प्रमुख आधार स्तंभ तय किए गए हैं।
S से समावेशी विकास
A से अधोसंरचना
N से निवेश
K से कुशल मानव संसाधन
A से अंत्योदय
L से आजीविका
P से नीति से परिणाम तक
उन्होंने कहा कि बजट का उद्देश्य प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास को सुनिश्चित करना है।
