भिलाई में 23 फरवरी से अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन, 29 टीमें लेंगी हिस्सा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन भिलाई में होने जा रहा है। अखिल भारतीय पुलिस कंट्रोल बोर्ड नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ पुलिस के तत्वावधान में आयोजित यह स्पर्धा 23 फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगी। इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सुरक्षा बलों सहित आईबी, रॉ और सीबीआई जैसे संगठनों की 29 टीमें शिरकत कर रही हैं।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की प्रथम वाहिनी भिलाई के खेल परिसर में भव्य तैयारियां की गई हैं। आयोजन की जिम्मेदारी डीआईजी सदानंद कुमार को सौंपी गई है। इस स्पर्धा में लगभग 450 खिलाड़ी, कोच और टीम मैनेजर शामिल हो रहे हैं, जिनमें कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। तीरंदाजी के तीन प्रमुख इवेंट्स इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड में कुल 180 पदकों के लिए मुकाबला होगा। मेजबान छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से भी 12 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

विभिन्न राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और पंजाब सहित आईटीबीपी व एसएसबी के खिलाड़ियों का भिलाई पहुंचने पर छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार गमछा और गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था प्रथम वाहिनी परिसर में की गई है।

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 23 फरवरी को प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा करेंगे। वहीं, 27 फरवरी को आयोजित समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पुलिस मुख्यालय नया रायपुर द्वारा गठित विभिन्न समितियां आयोजन की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रही हैं।

About The Author