मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गिरौदपुरी में टेका मत्था, होली पर ड्राई डे को लेकर किया बड़ा ऐलान
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के पवित्र धार्मिक स्थल और गुरु घासीदास की जन्मस्थली गिरौदपुरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने होली पर्व को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर घोषित ड्राई डे निरस्त नहीं किया जाएगा और निर्धारित नियमों के अनुसार प्रदेश में ड्राई डे प्रभावी रहेगा।
गिरौदपुरी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुगद्दी में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मेले में आए श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। मुख्यमंत्री के आगमन से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली के पर्व पर सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ड्राई डे के नियमों में कोई बदलाव नहीं होगा। गिरौदपुरी मेले में आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है, जहां मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने आयोजन की रौनक और बढ़ा दी है।
