तालाब में फंसे मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू, नवा रायपुर जंगल सफारी में छोड़ा गया

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हरदी के एक तालाब में फंसे विशाल मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित रूप से जंगल सफारी, नवा रायपुर में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्रामीण तालाब में सामूहिक रूप से मछली पकड़ रहे थे, तभी जाल में मगरमच्छ फंस गया। संभावित हादसे की आशंका के बीच ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया और विशेषज्ञों की सलाह पर उसे जंगल सफारी में स्थानांतरित किया गया, जहां उसके लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।

ग्रामीणों की जागरूकता बनी मिसाल
ग्राम हरदी के लोगों ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति सजगता दिखाते हुए पूरे अभियान में विभाग का सहयोग किया। कर्मचारियों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों की मदद से रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

मानव वन्यजीव संघर्ष में कमी की उम्मीद
वन विभाग के अनुसार राज्य में चल रहे जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। ग्रामीण अब वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना दे रहे हैं, जिससे जानवरों की सुरक्षा के साथ मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में भी कमी आ रही है। विभाग ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

About The Author