रायगढ़ में युवक को पेट्रोल डालकर जलाया, अस्पताल में मौत
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में युवक को रास्ता रोककर मारपीट के बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जला देने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक के मामा शत्रुघन पटेल के अनुसार शिव प्रसाद पटेल निवासी चपले 16 फरवरी को बैंक कार्य से मौहापाली गया था। रात करीब साढ़े दस बजे वह मौहापाली से अपने घर लौट रहा था, तभी भांठापारा बस्ती में दो लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने हथियार से हमला कर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में वह लगभग 60 प्रतिशत झुलस गया। परिजनों को घटना की जानकारी अगले दिन सुबह मिली।
घायल को पहले खरसिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया। बुधवार शाम करीब छह बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों को उसे रोकते हुए देखा गया है, जिन पर वारदात को अंजाम देने का संदेह है।
पुलिस ने एक संदेही निलेश डंजारे को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। परिजनों ने दोनों पर लूटपाट की नीयत से वारदात करने का शक जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
