प्राध्यापक भर्ती: उच्च शिक्षा विभाग ने गठित की सात सदस्यीय विशेषज्ञ समिति

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्राध्यापक परीक्षा 2021 के अंतर्गत रिक्त 595 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने उच्च स्तरीय विषय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। यह समिति अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की गहन जांच कर उनकी अंतिम पात्रता निर्धारित करेगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पूर्व में विभाग को पत्र भेजकर 35 अभ्यर्थियों की शैक्षणिक अर्हताओं की विस्तृत जांच के लिए विशेषज्ञ समिति बनाने का अनुरोध किया था। आयोग ने निर्णय लिया था कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान उत्कृष्ट प्राध्यापक पद के आवेदकों के अभिलेखों का विशेषज्ञ स्तर पर परीक्षण आवश्यक है।

मंत्रालय महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार, चयन प्रक्रिया को यूजीसी विनियम 2018 के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। समिति में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ प्राध्यापकों को शामिल किया गया है।

समिति का स्वरूप:
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर ओम प्रकाश व्यास को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। सदस्यों में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के डॉ. एस.एस. सन्धु (जैविक विज्ञान) और डॉ. विवेक मिश्रा (राजनीति विज्ञान), बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल के डॉ. पवन मिश्रा (वाणिज्य), बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के डॉ. अवनीश कुमार (गणित), अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा के डॉ. एन.पी. पाठक (अर्थशास्त्र) तथा आरटीएम नागपुर विश्वविद्यालय के डॉ. नंद किशोर कराडे (रसायनशास्त्र) शामिल हैं।

उच्च शिक्षा विभाग की इस पहल को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। समिति के परीक्षण के बाद योग्य अभ्यर्थियों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिससे महाविद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जा सके।

About The Author