बूंद-बूंद को तरसे पीएम आवास के परिवार, निगम के घेराव के बाद 5 मार्च तक बोरिंग का आश्वासन

रायपुर। कचना क्षेत्र के स्वास्तिक नगर स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी के रहवासियों ने पानी की समस्या को लेकर बुधवार को निगम मुख्यालय के सामने मटकी फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने उपायुक्त विनोद पांडेय को ज्ञापन सौंपकर बोरिंग कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।

जानकारी के अनुसार 20 जनवरी को स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद टैंकरों की संख्या बढ़ाई गई थी। 3 फरवरी को नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्तिक नगर का दौरा कर बोरिंग कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन आश्वासन के बावजूद पानी की आपूर्ति अब भी टैंकरों से ही की जा रही है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान लोगों ने निगम की अनदेखी के खिलाफ विरोध जताया।

रहवासियों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कॉलोनी में बसाए गए गरीब परिवारों को पीने का पानी, सड़क और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं अब तक नहीं मिली हैं। एक वर्ष से अधिक समय से लोग टैंकरों पर निर्भर हैं, जबकि स्थायी समाधान के रूप में बोरिंग की मांग लंबित है।

उपायुक्त विनोद पांडेय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि 5 मार्च तक बोरिंग का कार्य पूरा कर दिया जाएगा और तब तक टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा तक कार्य नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

आकाश तिवारी ने कहा कि रायपुर को महानगर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आम लोगों को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने निगम प्रशासन और महापौर पर उदासीनता का आरोप लगाया।

About The Author