राजनीति की अटकलों पर खेसारी लाल का विराम: कहा- मैं कलाकार हूं और कलाकार ही रहूंगा

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के स्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति में आने की अटकलों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे कलाकार हैं और कलाकार ही रहना चाहते हैं। उन्होंने अक्षरा सिंह, पवन सिंह, तेज प्रताप यादव और बिहार सरकार से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखी।

उन्होंने कहा कि राजनीति उनके बस की बात नहीं है, क्योंकि वहां झूठ बोलना पड़ता है और वे सच बोलने वाले इंसान हैं। मनोज तिवारी के बयान और रितेश पांडे के जनसुराज छोड़कर भाजपा में जाने की चर्चाओं के बाद यह अटकलें तेज हो गई थीं कि वे भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने इसे सिरे से नकार दिया।

अक्षरा सिंह और ज्योति सिंह से जुड़े पारिवारिक विवाद पर उन्होंने कहा कि यह निजी मामला है और कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए वे अब इस पर कुछ नहीं बोलना चाहते। उन्होंने कहा कि एक बेटी का पिता होने के नाते वे भावुक हो जाते हैं, लेकिन बोलने से विवाद बढ़ जाते हैं।

पवन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी भोजपुरी या बिहार-झारखंड का नाम रोशन कर रहा है, वह सभी का गौरव है और हर कलाकार का सम्मान होना चाहिए।

वहीं तेज प्रताप यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि स्टारडम स्थायी नहीं होता, आज कोई स्टार है तो कल कोई और होगा। बिहार में खुले में मटन-चिकन बिक्री पर रोक और शराबबंदी की समीक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि यह सरकार का विषय है और निर्णय भी सरकार को ही लेना चाहिए।

नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में उन्होंने बेटियों की सुरक्षा पर चिंता जताई और कहा कि जिस राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, वहां सरकार को गंभीरता से सोचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर घर में एक बेटी जरूर होनी चाहिए ताकि लोग बेटियों का दर्द समझ सकें।

About The Author