अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। अवैध संबंध के चलते एक युवक की हत्या कर शव को टॉयलेट के कमरे में छिपा दिया गया था। मामले में आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नगर बहेरिया निवासी तुलसी बाई ने 25 अगस्त 2025 को देवरी थाने में अपने पति प्रिंस पिता राजेश वाल्मीकि (22) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि प्रिंस देवरी में उसके साथ रहता था और शाम करीब 7 बजे घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा।
जांच के दौरान पुलिस ने पत्नी के पूर्व प्रेमी शोएब पिता नमाज खान (23), निवासी सुखचैन वार्ड से पूछताछ की। पूछताछ में उसने प्रिंस की पत्नी से अवैध संबंध होना स्वीकार करते हुए रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की। आरोपी ने प्रिंस को शराब पिलाने के बाद सनशाइन स्कूल के गार्डन में पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी और शव को पास के पुराने टॉयलेट कमरे में छिपा दिया।
8 फरवरी 2026 को दोबारा पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, बाद में उसने हत्या और शव छिपाने की बात बताई। पुलिस ने टॉयलेट के मलबे से मृतक की खोपड़ी और कुछ हड्डियां बरामद कीं। अगले दिन तलाशी में अन्य अवशेष भी मिले।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका को लेकर गुजरात के सूरत चला गया था और वहीं से फोन कर परिजनों को गुमराह करता रहा। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
