मोबाइल दुकान खोलने के लिए बना साइबर ठग, छोटे व्यापारियों से लाखों की ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार

रायपुर। मोबाइल दुकान खोलने का सपना पूरा करने के लिए एक 19 वर्षीय युवक ने साइबर ठगी का रास्ता चुन लिया। एमजी रोड चौपाटी और आसपास के इलाकों में ठेले लगाने वालों और छोटे कारोबारियों को ऑनलाइन फाइनेंस व प्री-अप्रूव्ड लोन के नाम पर निशाना बनाने वाले इस आरोपी को मौदहापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी मुदित पाठे उर्फ कृष पवार के रूप में हुई है। दसवीं तक पढ़ा मुदित फाइनेंस सेक्टर में काम करने की इच्छा लेकर रायपुर आया था। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी पहले व्यापारियों से मेलजोल बढ़ाता था। वह विभिन्न ऐप्स के माध्यम से पीड़ितों को कैशबैक और प्रोमो कोड जैसे शुरुआती लाभ दिलाकर उनका भरोसा जीतता था।

विश्वास जीतने के बाद आरोपी पीड़ितों के आधार, पैन कार्ड और मोबाइल फोन तक पहुंच बना लेता था। लोन प्रक्रिया में मदद और प्रोसेसिंग फीस माफ कराने के बहाने वह पीड़ितों के नाम पर विभिन्न फाइनेंस ऐप्स से प्री-अप्रूव्ड लोन स्वीकृत कराता और उस राशि को अपने ऑनलाइन वॉलेट में ट्रांसफर कर लेता था। आरोपी एक दर्जन से अधिक फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट एप्लिकेशनों का उपयोग कर रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कोरोना काल के बाद पिता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। वह ठगी की रकम से अपने गृह नगर में मोबाइल दुकान खोलना चाहता था। पुलिस ने आरोपी को ट्रेन से फरार होने से ठीक पहले घेराबंदी कर पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आरोपी से दर्जनभर बैंक कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता और एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और अन्य संदिग्ध मामलों की जांच कर रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने निजी दस्तावेज और मोबाइल फोन न सौंपें।

About The Author