शासकीय स्कूल में रील बनाने के लिए छात्रों ने किए खतरनाक स्टंट, कार और ट्रैक्टर की टक्कर से मचा हड़कंप

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज अब स्कूली छात्रों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बिलासपुर जिले के सकर्रा स्थित एक शासकीय स्कूल में विदाई पार्टी के दौरान छात्रों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का मामला सामने आया है। रील बनाने के चक्कर में छात्र स्कूल परिसर के भीतर कार और ट्रैक्टर लेकर घुस गए, जहां स्टंट के दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में वाहनों को तेज रफ्तार में दौड़ाया जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से कार और ट्रैक्टर आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई छात्र गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि जिस समय छात्र स्कूल मैदान में यह जोखिमभरा प्रदर्शन कर रहे थे, उस समय वहां प्राचार्य और शिक्षक भी मौजूद थे। आरोप है कि प्रबंधन ने छात्रों को रोकने के बजाय चुप्पी साधे रखी। स्कूल परिसर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश और शिक्षकों की मौजूदगी में हुई इस लापरवाही ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।

वीडियो वायरल होने के बाद अब शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक यह मामला पहुंच गया है। माना जा रहा है कि अनुशासनहीनता और लापरवाही बरतने के आरोप में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल जिला शिक्षा प्रशासन इस मामले की जांच की तैयारी कर रहा है।

About The Author