बिलासपुर एयरपोर्ट को मिला ऑल वेदर लाइसेंस, अब खराब मौसम में भी उड़ सकेंगे विमान
रायपुर। भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3सी-वीएफआर श्रेणी से अपग्रेड कर 3सी-ऑल वेदर ऑपरेशंस (आईएफआर) की स्वीकृति दे दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए एक दूरगामी कदम बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लाइसेंस के मिलने से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक हवाई सेवाएं भी मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही यह निर्णय औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी सहायक होगा।
मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है। यह विकास राज्य को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
