डीएसपी कल्पना वर्मा पर गिरी निलंबन की गाज, कारोबारी के साथ चैट में मिलीं विभाग की गोपनीय जानकारियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गृह (पुलिस) विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्राप्त शिकायत की प्राथमिक जांच में डीएसपी कल्पना वर्मा के विरुद्ध वित्तीय लेनदेन, जांच के दौरान दिए गए कथनों तथा व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में विरोधाभास, कर्तव्य के निर्वहन के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करना, पद का दुरुपयोग करना तथा अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
ये कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के स्पष्ट रूप से विपरीत हैं। इस आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
बता दें कि डीएसपी कल्पना वर्मा तथा रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद में जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए थे। शासन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर कराई गई जांच की लगभग 1475 पृष्ठों की रिपोर्ट शासन को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में डीएसपी वर्मा तथा दीपक टंडन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का उल्लेख है, जिसमें पुलिस विभाग से संबंधित संवेदनशील तथा गोपनीय जानकारी साझा करने के संकेत मिले हैं, जो गोपनीय सूचना लीक करने जैसे गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
शासन ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया है।
