बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, 54 लाख के 12 इनामी माओवादियों ने किया सरेंडर, मुख्यमंत्री साय ने बताया बड़ी कामयाबी

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को गुरुवार को दोहरी सफलता मिली है। जिले के तर्रेम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया है, वहीं दूसरी ओर पामेड़ क्षेत्र में 12 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस बड़ी कामयाबी की जानकारी साझा की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 12 माओवादी कैडरों पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इन नक्सलियों ने हथियारों के साथ सुरक्षा बलों के समक्ष समर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। इसे बस्तर अंचल में लौटते विश्वास और स्थायी शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में आत्मसमर्पण की बढ़ती घटनाएं सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों की बेहतर रणनीति का परिणाम हैं।

तर्रेम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने साहस का परिचय देते हुए एक सक्रिय माओवादी को न्यूट्रलाइज किया। वहीं, पामेड़ में हुए सामूहिक आत्मसमर्पण को लेकर माना जा रहा है कि अब नक्सल संगठन के भीतर भी विचारधारा को लेकर मोहभंग हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय को दिया है।

मुख्यमंत्री ने अभियान में शामिल डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ के जवानों की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, विकास और विश्वास के मॉडल पर काम करते हुए बस्तर में शांति बहाली की कोशिशें जारी रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और भी माओवादी हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ेंगे। बीजापुर में मिली यह सफलता क्षेत्र में विकास और शांति की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

About The Author