सिरपुर बनेगा अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र, मुख्यमंत्री ने महोत्सव के शुभारंभ पर दी 200 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी सिरपुर में तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि सिरपुर में आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान है, जहाँ सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। कार्यक्रम में मलेशिया, कोरिया और जापान से आए बौद्ध विचारकों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिरपुर को विश्व धरोहर की सूची में शामिल कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों के हित में सिरपुर बैराज की जल्द स्वीकृति और सिकासेर जलाशय से कोडार जलाशय तक पानी लाने की योजना पर तेजी से कार्य करने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खाद्य एवं जिला प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव अब जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दे रही है।

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिरपुर को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य निरंतर जारी है। कार्यक्रम में विधायक संपत अग्रवाल, ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिलेवासियों को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए सिरपुर की गौरवशाली विरासत को भावी पीढ़ी के लिए संरक्षित करने का आह्वान किया।

About The Author