नवागांव में कुम्भकार समाज का महाअधिवेशन शुरू, मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण के लिए की 30 लाख की घोषणा

अभनपुर। नवागांव में आयोजित छत्तीसगढ़ कुम्भकार समाज के दो दिवसीय राज्य स्तरीय महाअधिवेशन, युवक-युवती परिचय सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर समाज की ओर से मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह के रूप में चाक पर कलाकृति गढ़ते कुम्हार की प्रतिमा भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने समाज के विकास के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण हेतु 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन की शुरुआत महाराष्ट्र के दिवंगत नेता अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने परिचय सम्मेलन में शामिल युवाओं को शुभकामनाएं दीं और समाज के अभिभावकों से बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षा से जोड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि संस्कारित जीवन जीने के लिए आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर रहा है और इन वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय विकास किया है।

सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया गया है। धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ जारी है और किसानों को एकमुश्त भुगतान किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना और रामलला दर्शन योजना जैसी योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध जारी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे का लक्ष्य रखा गया है, जिससे क्षेत्र में शांति और विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की नई उद्योग नीति की सफलता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राज्य को करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और नया रायपुर में कई नए उद्योगों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस महाअधिवेशन में समाज के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


About The Author