खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के लिए छत्तीसगढ़ दल घोषित, 32 खिलाड़ियों का चयन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने एक बार फिर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। फरवरी 2026 में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए छत्तीसगढ़ राज्य दल की घोषणा कर दी गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर और बिलासपुर में संचालित खेल अकादमियों से 32 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

प्रदेश को खेलो इंडिया नेशनल गेम्स 2026 की मेजबानी का सम्मान भी प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में ट्राइबल गेम्स का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कुश्ती, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और तैराकी जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा कबड्डी और मलखम्ब को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है।

खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चयनित खिलाड़ी राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम दिखाएंगे। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं के निरंतर विकास और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण मानी जा रही है।

About The Author